जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण करें निस्तारण: जिलाधिकारी

संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न,कुल 85 शिकायतों में 6 का हुआ तत्काल निस्तारण

दो शिकायतकर्ताओं का नाम तत्काल मूल खतौनी में दर्ज कराने के उपरांत जिलाधिकारी ने दिए खतौनी प्रमाण पत्र

फ़ास्ट इंडिया न्यूज ब्यूरो

मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में आज तहसील मोहम्मदाबाद गोहना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि 04 शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 52 शिकायतें राजस्व विभाग तथा 18 शिकायतें पुलिस विभाग से संबंधित थीं। शेष शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित रहीं। जनसुनवाई के दौरान दो शिकायतकर्ताओं द्वारा खतौनी में अपना नाम दर्ज न होने की समस्या जिलाधिकारी के संज्ञान में लाई गई। दोनों शिकायतकर्ता इस समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगा रहे थे। ग्राम ओटनी निवासी संजय राम पुत्र सोचन राम ने बताया कि उनकी माता की मृत्यु के उपरांत वरासत में उनका नाम दर्ज हो गया था, लेकिन मूल खाते में अभी तक नाम दर्ज नहीं किया गया था। इसी प्रकार ग्राम खुर्द कर्मी, थाना चिरैयाकोट निवासी राम मूरत पुत्र अच्छोवर का भी तहसीलदार के आदेश वर्ष 2024 के बाद खाते में नाम दर्ज नहीं हो पाया था।
जिलाधिकारी ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में दोनों शिकायतकर्ताओं के नाम मूल खाते में दर्ज कराते हुए अद्यतन खतौनी का प्रमाण पत्र भी मौके पर ही उपलब्ध कराया। लंबे समय से लंबित समस्या का तत्काल समाधान होने पर दोनों शिकायतकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का तथ्यात्मक परीक्षण करते हुए समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा खानापूर्ति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


फेसबुक पेज

अन्य समाचार