
जमीनी विवाद में चले लाठी और डंडे ,पिता पुत्र की हालत गंभीर बीएचयू रेफर
फास्ट इंडिया न्यूज संवाददाता
सदर मऊ।जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित काझा खुर्द गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के पैतृक गांव में हुई इस घटना में कई लोग घायल हो गए,जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार,काझा खुर्द गांव में आबादी की जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस खूनी संघर्ष का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार,इस झड़प में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें से चाचा हरि गोविंद और उनके पुत्र रामनयन की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों द्वारा उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित पक्ष के धर्मेंद्र ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार के लोग राजस्व टीम द्वारा नापी गई जमीन पर अपने हिस्से में मकान बना रहे थे। इसी दौरान नंदलाल,पिंटू,रामप्यारे सहित अन्य लोगों ने अचानक हमला कर दिया और खूनी मारपीट में तब्दील हो गया।
सरायलखंसी थाना पुलिस ने बताया कि यह मामला जमीनी विवाद से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से लगभग पांच-पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का पैतृक गांव होने के कारण इस घटना को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है।सोशल मीडिया पर मारपीट का लाइव वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क हो गया है।



