मध्य प्रदेश निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को मिली 9-9 सीटे

भोपाल।मध्य प्रदेश में 19 नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष पद पर हुए चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस को थोड़ी राहत की सांस दी है। कुल 19 परिषदों में से 9 भाजपा को, 9 कांग्रेस को और शेष बची एक सीट निर्दलीय ने जीती है। शिवराज सिंह चौहान के रोड शो और जोर-शोर से प्रचार के बावजूद चुनाव नतीजों ने भाजपा के वर्चस्व को कमजोर कर दिया। बीजेपी के कब्जे वाली धार, मनावर, सरदारपुर, धरमपुरी, खेतिया, अंजड़ निकाय को कांग्रेस ने छीन ली। वहीं, कांग्रेस के कब्जे वाली कुक्षी, डही, पीथमपुर, राजपुर और ओंकारेश्वर सीट बीजेपी ने छीनी और जीत हासिल की। यहां मतदान 17 जनवरी को हुआ था। नगरपालिका परिषद और नगर परिषद चुनाव में 69.08 फीसदी वोटिंग हुई थी। राघौगढ़ में कुल 24 वार्ड में से 20 पर जीती कांग्रेस
मध्यप्रदेश के गुना जिले की राघौगढ़ नगरपालिका सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी आरती शर्मा ने जीत हासिल कर ली। यह वही सीट है, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने करीब 50 साल पहले कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नगरपालिका में अध्यक्ष पद जीत हासिल कर अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत की थी।
मुख्य जिला निवार्चन अधिकारी राजेश जैन ने बताया कि कांग्रेस की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी आरती महेंद्र शर्मा ने पांच हजार 672 वोटों से विजय हासिल की है। कांग्रेस की आरती शर्मा को 17 हजार 613 वोट मिले, वहीं भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी मायादेवी अग्रवाल को 12 हजार 32 वोट मिले। निर्दलीय प्रत्याशी ऋतु भार्गव ने 780 एवं शमीम बानो ने 313 वोट हासिल किए। राघौगढ़ नगरपालिका के कुल 24 वार्ड में से 20 में पार्षद पद पर कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि चार में भाजपा के पार्षद चुने गए।

अकोड़ा में जनता ने अध्यक्ष पर जताया भरोसा
मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की अकोड़ा नगर परिषद में अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने वर्तमान अध्यक्ष बहुजन समाज पाटीर् (बसपा) की संगीता यादव पर फिर से भरोसा जताया है। कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सुश्री यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद खाली कुसीर् और भरी कुसीर् के लिए मतदान हुआ था। आज इसका परिणाम घोषित हुआ तो संगीता यादव को 676 वोटों से जीत हासिल हुई। बसपा की सुश्री यादव को कांग्रेस का समर्थन भी हासिल था।


फेसबुक पेज

अन्य समाचार